
भोपाल। ग्वालियर जिले के कुलैथ गांव में आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को बड़ी राहत देने वाला ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पट्टाधारी किसानों की जमीन अब उनके नाम रजिस्ट्री की जाएगी, ताकि किसान अपनी ही जमीन के आधार पर आसानी से बैंक से लोन ले सकें। खास बात यह रही कि रजिस्ट्री का पूरा खर्च राज्य सरकार खुद उठाएगी।
पट्टाधारी किसानों के लिए बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में बताया कि जिन किसानों के पास पट्टे की जमीन है, उन्हें जल्द ही मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और खेती से जुड़े कामों के लिए ऋण लेना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री शुल्क को लेकर किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इस योजना पर लगभग 3500 करोड़ रुपये खर्च कर सरकार पूरा भार उठाएगी।
87 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 87 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत वाले कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस मौके पर सांसद भारत सिंह कुशवाह, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मोहन सिंह राठौर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कुलैथ के ग्रामीणों द्वारा दिए गए मांग पत्र को स्वीकार करते हुए सभी जरूरी काम पूरे कराने का भरोसा भी दिया।
कलाकारों और किसानों के लिए प्रोत्साहन घोषणाएं
सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ग्रामीण परंपराओं को भी बढ़ावा दिया गया। कन्हैया गायन करने वाली प्रत्येक टीम को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं बैलगाड़ी दौड़ में शामिल हर किसान को भी पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले किसान को 21 हजार रुपये और दूसरे स्थान पर रहने वाले किसान को 11 हजार रुपये देने की बात कही गई।
कुलैथ गांव के विकास के लिए अतिरिक्त घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कुलैथ और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की। महेश्वरा खदान को फिर से शुरू कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुमति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। डांडेवाले बाबा मंदिर तक सड़क निर्माण और ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही गई। जगन्नाथ भगवान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भवन और सड़क बनाई जाएगी। साथ ही गांव में खेल मैदान विकसित करने और आसपास के क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

