
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 जून को भोपाल स्थित लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) सहित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के साथ रोजगार, औद्योगिक निवेश, कृषि, सौर ऊर्जा और अन्य विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की।
UCC पर 9 लाख से अधिक सुझाव मिलने की जानकारी दी
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल को प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के संबंध में अब तक प्राप्त 9 लाख से अधिक सुझावों, व्यापक जनसमर्थन और आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया।
विकास योजनाओं और उपलब्धियों पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल क्रियान्वयन और गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान प्रस्तावित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा प्रदेश की चार कृषि उपजों को मिले जीआई टैग से किसानों को होने वाले लाभों पर भी बातचीत की गई।
निवेश, रोजगार और सौर ऊर्जा पर रहा फोकस
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को प्रदेश में सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, एमएसएमई और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन, औद्योगिक निवेश बढ़ाने और रोजगार सृजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। बैठक में इन योजनाओं की प्रगति और राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

