बुधवार, 18 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

शहडोल में CM मोहन यादव ने खोला विकास का पिटारा, 357.71 करोड़ के 82 कार्यों की सौगात

16 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
शहडोल में CM मोहन यादव ने खोला विकास का पिटारा, 357.71 करोड़ के 82 कार्यों की सौगात
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश के जनजातीय अंचलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले के ब्यौहारी से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव सप्ताह के कार्यक्रम में उन्होंने 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण भी किया। जनजातीय परंपराओं के अनुरूप पूजन के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के सम्मान, राजनीतिक भागीदारी और विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं भी सामने रखीं।


82 विकास कार्यों पर खर्च होंगे 357.71 करोड़ रुपये

ब्यौहारी में आयोजित कार्यक्रम के मंच से मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए शहडोल जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। कुल 357.71 करोड़ रुपये की लागत वाले 82 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाएं बनाते समय जिले के किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। विधानसभा क्षेत्रवार जरूरतों का ध्यान रखते हुए योजनाओं का लाभ हर इलाके तक पहुंचाने पर जोर दिया।


बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस बनाने का किया जिक्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को हर साल जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। अब यह आयोजन मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में उत्सव की तरह मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान जनजातीय समाज का शोषण हुआ और आजादी के बाद कांग्रेस के शासनकाल में भी इस वर्ग को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। उनके मुताबिक, पहले सरकारी योजनाओं में गांधी परिवार के नाम को प्राथमिकता दी जाती थी, जबकि मौजूदा सरकार जनजातीय महापुरुषों और नायकों को सम्मान देने का काम कर रही है।


जनजातीय समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली बार जनजातीय समुदाय से महिला राष्ट्रपति मिली हैं। मध्य प्रदेश में भी उनकी सरकार जनजातीय समाज को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय के हितों से जुड़े विकास कार्यों का विरोध करने की कोशिशें सफल नहीं होने दी जाएंगी। सरकार सड़क से लेकर विधानसभा तक इस वर्ग के अधिकारों और विकास के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।


जबलपुर से खंडवा तक जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजन

मुख्यमंत्री ने बताया कि रानी दुर्गावती की राजधानी जबलपुर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया था। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर तीन दिनों तक बड़े स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। उन्होंने कहा कि पूरे जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में करीब डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जबलपुर के बाद धार में भी कार्यक्रम हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से 1,300 करोड़ रुपये की पाइपलाइन आधारित नल-जल योजना की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले 20 दिनों में जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने और अन्य विकास कार्यों के लिए सरकार करीब 4,000 करोड़ रुपये की सौगात दे चुकी है। बड़वानी, आलीराजपुर और शहडोल में भी बड़े आयोजन किए जा रहे हैं। खंडवा में भी एक बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने इन आयोजनों में महिलाओं की भागीदारी और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को महत्वपूर्ण बताया।


शहडोल में अगले महीने 4 हजार करोड़ के कारखाने का भूमिपूजन संभव

मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले के विकास को लेकर एक और महत्वपूर्ण संकेत दिया। उन्होंने कहा कि लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत से एक नया कारखाना मिलने जा रहा है। डॉ. यादव के अनुसार, संभव है कि अगले महीने शहडोल की धरती पर इस कारखाने का भूमिपूजन किया जाए। उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए विशेष ध्यान रखा जाए।


पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार घर-घर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर रही है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को उनके दूध का बेहतर मूल्य दिलाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें