
भोपाल। जैन मुनि सुधासागर जी महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी संत, महापुरुष या धार्मिक व्यक्तित्व के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्रालय पहुंचा जैन समाज का प्रतिनिधिमंडल
मंगलवार को भोपाल स्थित मंत्रालय (वल्लभ भवन) में जैन समाज का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विधायक अनिल जैन और वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र जैन ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि मुनि सुधासागर जी महाराज जैन समाज के प्रमुख आध्यात्मिक मार्गदर्शकों में हैं और उनके खिलाफ की गई कथित टिप्पणी से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपने ओएसडी राजेश हिंगणकर को तत्काल बुलाया और अशोकनगर के एसपी राजीव मिश्रा से फोन पर बात कर पूर्व डीएसपी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
'ऐसी कार्रवाई हो जो मिसाल बने'
मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन से कहा कि कार्रवाई ऐसी हो, जो भविष्य के लिए नजीर बने और कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का दुस्साहस न करे।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद मध्य प्रदेश पुलिस सेवा की सेवानिवृत्त पूर्व डीएसपी रेखा जैन की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सामने आया। पोस्ट को लेकर जैन समाज ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
जांच और कानूनी कार्रवाई पर नजर
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस आगे क्या कानूनी कदम उठाती है और मामले में क्या कार्रवाई होती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

