शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- जनजातीय समाज को महज वोट बैंक मानती रही कांग्रेस, हमारी सरकार ने सम्मान, अधिकार व विकास को दी प्राथमिकता

23 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- जनजातीय समाज को महज वोट बैंक मानती रही कांग्रेस, हमारी सरकार ने सम्मान, अधिकार व विकास को दी प्राथमिकता
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रिपोर्ट: प्रशांत द्विवेदी 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा 55-60 वर्षों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस अब बताए कि उसने जनजातीय समाज के जीवन में वास्तविक बदलाव के लिए क्या किया? कांग्रेस जनजातीय समाज को महज वोट बैंक मानती रही, जबकि हमारी सरकार ने सम्मान, अधिकार व विकास को प्राथमिकता दी। 


कांग्रेस की ओर से बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होने आई महामहिम राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान प्रशासनिक तैयारियों को ‘प्रशासनिक दखलंदाजी’ बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने मीडिया के समक्ष प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनजातीय समाज को महज वोट बैंक के रूप में देखा। यही कारण है कि जनजातीय समाज ने कांग्रेस को छोड़ दिया। 

  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘हमारी सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के कल्याण और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता में रखा है।’ 


योजनाबद्ध ढंग से हो रहा कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय कार्य मंत्रालय के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों के विकास, शिक्षा, आजीविका और सशक्तीकरण के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य हो रहा है। छत्तीसगढ़ में भी विभिन्न विकास प्राधिकरणों और योजनाओं के जरिए जनजातीय अंचलों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को तेज गति दी जा रही है।


नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों व सुरक्षा बलों के साहस और पराक्रम से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, आज वहां सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के नए अवसर पहुंच रहे हैं। दूरस्थ गांव व विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। बस्तर शांति एवं विश्वास के साथ नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।


कांग्रेस को अपने शासनकाल का देना चाहिए हिसाब

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले अपने लंबे शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। आज जनजातीय समाज जागरूक है। वह साफ देख रहा है कि किसने केवल उसके नाम पर राजनीति की और किसने उसके सम्मान, सुरक्षा तथा विकास के लिए जमीन पर काम किया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें