
भोपाल। राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में 6 अक्टूबर 2026 को सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, कौशल, स्टार्टअप और नई तकनीकों से जुड़े अवसरों पर फोकस रहेगा।
कॉन्क्लेव में युवाओं को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलने के साथ विभिन्न विभागों, विश्वविद्यालयों और संस्थाओं की गतिविधियों की जानकारी भी दी जाएगी। आईआईटी मुंबई, आईआईटी रुड़की और एम्स के विशेषज्ञ शिक्षा, तकनीकी क्षेत्र तथा मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर युवाओं से संवाद करेंगे।
80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्षों में मिलेंगी नई संभावनाएं
कार्यक्रम में 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें सरकारी विभागों, संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और नवोदित उद्यमों की ओर से रोजगार, प्रशिक्षण, कॅरियर, अनुसंधान, तकनीक, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की जाएगी। विश्वविद्यालयों की प्रस्तुतियों में शिक्षा, नवाचार, रिसर्च, प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, कॅरियर मार्गदर्शन और ड्रोन तकनीक जैसे विषय शामिल रहेंगे।
17 विभाग युवाओं को बताएंगे योजनाएं और अवसर
कॉन्क्लेव में 17 शासकीय विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। इनमें उच्च शिक्षा, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष तथा पुलिस एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े विभाग शामिल हैं।
इन विभागों के जरिए युवाओं को संबंधित क्षेत्रों की योजनाओं, गतिविधियों और उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया जाएगा। पुलिस विभाग महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग और जन-सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता गतिविधियां करेगा।
स्टार्टअप से समझेंगे आइडिया को बिजनेस बनाने का तरीका
मध्यप्रदेश स्टार्ट-अप सेंटर और सेडमैप की ओर से स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास तथा नवाचार से जुड़ी गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी। नवोदित उद्यम अपने उत्पादों और नए विचारों को प्रदर्शित करेंगे। इससे युवा यह समझ सकेंगे कि किसी विचार को उत्पाद और फिर उद्यम के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ सकती है।
AI से EV और सेमीकंडक्टर तक नई तकनीक पर फोकस
कॉन्क्लेव में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, अर्धचालक तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) जैसे उभरते क्षेत्रों को प्रमुखता दी जाएगी। इन क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और रोजगार की संभावनाओं के बारे में युवाओं को जानकारी दी जाएगी।
मानसिक स्वास्थ्य और कॅरियर पर विशेषज्ञ देंगे सलाह
युवा संवाद में कॅरियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
आईआईटी मुंबई और आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञ तकनीकी विकास, शिक्षा, नवाचार और भविष्य के अवसरों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। एम्स के मनोचिकित्सक मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और विद्यार्थियों से जुड़े मानसिक स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी देंगे।
जुबिन नौटियाल और कबीर कैफ की प्रस्तुतियां भी होंगी
कॉन्क्लेव में संवाद और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। जुबिन नौटियाल और कबीर कैफ की प्रस्तुतियां कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉन्क्लेव को युवाओं को शिक्षा से कौशल, कौशल से रोजगार, विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता की ओर बढ़ाने वाला मंच बताया है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नई दिशा, प्रोत्साहन और अवसरों से जोड़ना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

