
भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों कड़ाके की सर्दी का दौर बना हुआ है।नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ही रिकॉर्ड तोड़ ठंड देखने को मिल रही है। यहां तक कि भोपाल,इंदौर सहित मध्यप्रदेश के कई शहर हिल स्टेशनों से भी सर्द हैं।प्रदेश में कई जगह कोल्ड वेव तो कहीं कोल्ड डे की स्थिति बन रही है। गुरुवार को प्रदेश के राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री, भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री और इंदौर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया जो क्रमशः शिमला और देहरादून से भी कम रहा।प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री,उज्जैन का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री दर्ज किया गया।मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल ठंड से राहत के कोई आसार नहीं है। अभी 3-4 दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। हवाओं के रुख बदलने से इस साल राजस्थान से आ रही सर्द हवाएं सेंट्रल एमपी तक ही पहुंच रही हैं जिससे पश्चिमी मध्यप्रदेश और केंद्रीय मध्यप्रदेश में तेज ठंड पड़ रही है वहीं इससे उलट प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्से में पचमढ़ी, ग्वालियर का तापमान भोपाल,इंदौर संभाग से ज्यादा देखा जा रहा है।
भोपाल में लगातार छठवें दिन शीतलहर
राजधानी भोपाल में सर्दी के इस सीजन में एक नया रिकॉर्ड बन गया है। शहर का न्यूनतम तापमान लगातार छठवें दिन भी 8 डिग्री के आसपास ठिठका रहा। ऐसा पहली बार हुआ है जब नवंबर के महीने में भोपाल का न्यूनतम तापमान 6 दिनों से 8 डिग्री के आसपास बना हुआ है।ठंड के मामले में राजधानी भोपाल ने नवंबर के महीने का पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 2015 में नवंबर महीने में इतनी ठंड पड़ी थी।गुरुवार को ठंड के चलते भोपाल देश के 10 सबसे सर्द शहरों में शुमार रहा।मौसम विभाग के मुताबिक दिन में मौसम शुष्क रहने से रात में ठंड का असर ज्यादा है।दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत देखी जा रही है वहीं नवंबर के आखिरी पखवाड़े में दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

