
भोपाल। मध्य प्रदेश में नवंबर की ठंड इस बार कुछ ‘नॉर्मल’ नहीं है। रविवार की सुबह कई शहरों में ऐसा सिहरन भरा अहसास हुआ कि लोग बोले— “ये तो दिसंबर-जनवरी वाली ठंड है!” इंदौर में पारा 50 साल पुरानी रिकॉर्ड लाइन पर पहुंच गया, तो भोपाल 84 साल पुराने रिकॉर्ड को छूने ही वाला है। ग्वालियर भी तीन साल पुराने ठंड के दौर में लौट आया है। हल्की धूप भी सर्द हवाओं के सामने बेअसर दिखी।
देश के 10 सबसे ठंडे शहरों में शामिल MP के तीन शहर
मौसम का असर इतना तीखा कि भोपाल, इंदौर और राजगढ़ देश के 10 सबसे ठंडे शहरों की सूची में जगह बना चुके हैं।
➡️ राजगढ़ – 6°C (प्रदेश में सबसे ठंडा)
➡️ भोपाल – 6.4°C
➡️ इंदौर – 6.4°C
तीनों शहर भीषण शीतलहर की चपेट में
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, “अगर भोपाल का तापमान .3 डिग्री और गिरा, तो यह 30 नवंबर 1942 के 6.10°C वाले रिकॉर्ड को छू लेगा।” इंदौर भी 1975 में दर्ज किए गए 6.40°C की बराबरी कर चुका है।
नवंबर में तीसरी बार इतनी ठंड — 1938, 1975 के बाद 2025
मौसम विभाग के अनुसार—
25 नवंबर 1938: 5.6°C
नवंबर 1975: 6.4°C
नवंबर 2025: 6.4°C
यानि 87 साल में सिर्फ तीसरी बार भोपाल में नवंबर में तापमान इतने नीचे आया है।
13 शहरों में पारा 10°C से नीचे
यहां रही तीव्र शीतलहर : भोपाल, राजगढ़, इंदौर, रीवा, जबलपुर, सीहोर और शाजापुर
यहां रहा शीतलहर का असर : धार, नौगांव, दमोह, शिवपुरी और बैतूल
ग्वालियर: तीन साल बाद फिर वही ठंड
ग्वालियर की ठंड भी अब रिकॉर्ड बुक में है। यहाँ रात का तापमान 10.1°C रहा। मौसम वैज्ञानिक ए.के. शुक्ला ने कहा— “आने वाले दिनों में दिन और रात, दोनों का तापमान और कम होगा। सर्दी और बढ़ेगी।” रविवार को अधिकतम तापमान: 27.8°C और न्यूनतम तापमान: 10.1°C दर्ज किया गया।
राजधानी में सुबह से ही ‘विंटर लुक’
भोपाल में लोग सुबह से ही जैकेट, शॉल, मफलर में नज़र आए। धूप निकली लेकिन हवा इतनी ठंडी कि गर्माहट महसूस ही नहीं हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने की चेतावनी दी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

