
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज त्याग, तपस्या, संयम और करुणा की साक्षात् प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपना जीवन जनकल्याण और परोपकार के लिए समर्पित किया। उनके जीवन का संदेश 'जियो और जीने दो' आज भी समाज को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति में भारतीय डाक विभाग की ओर से जारी पांच रुपए के स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। संत समय सागर महाराज के सानिध्य में डाक टिकट का विमोचन हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्ची महानता पद, प्रतिष्ठा और संपत्ति में नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और ज्ञान के माध्यम से जीव-जगत के कल्याण में निहित है। आचार्य विद्यासागर महाराज भले ही भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और आशीर्वाद आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्मारक डाक टिकट जारी करने के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार जताया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने संत समय सागर महाराज का पाद प्रक्षालन किया और आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक आशीष शर्मा, देवेंद्र जैन सहित जनप्रतिनिधि, डाक विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

