
भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से नीदरलैंड के मुंबई स्थित कॉन्सुल जनरल नबील ताउआती ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय शिष्टाचार भेंट की। पुलिस महानिदेशक प्रदेश पुलिस की ओर से कानून व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी नवाचार व नागरिक केंद्रित पुलिसिंग के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने प्रदेश में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से संचालित राज्यव्यापी 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न संस्थानों तक व्यापक स्तर पर साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता पहुंचाई जा रही है।
पुलिस महानिदेशक ने प्रदेश सरकार व पुलिस की ओर से संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान की भी जानकारी दी। बताया कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने, समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रदेशभर में समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस निरंतर कार्यरत है।
आपसी सहयोग व अनुभवों के आदान-प्रदान जैसे विषयों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच जनसुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर सुरक्षा, जागरूकता अभियानों तथा आपसी सहयोग एवं अनुभवों के आदान-प्रदान जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। कॉन्सुल जनरल नबील ताउआती ने मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से जनहित में संचालित नवाचारों व व्यापक जन-जागरूकता अभियानों की सराहना की। साथ ही भविष्य में पारस्परिक सहयोग व संवाद को और सुदृढ़ बनाने की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर कॉन्सुल जनरल के साथ मुंबई के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार कौस्तुभ परिहार व कृषि सलाहकार प्रसाद पारते भी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

