
भोपाल। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंगलवार को मंत्रालय में विंध्य क्षेत्र में सड़क, फ्लाइओवर और पुल-पुलिया निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की सतत और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सुदृढ़ अधोसंरचना बहुत आवश्यक है। बैठक में रीवा फ्लाइओवर, संस्कृत विश्वविद्यालय लक्ष्मण बाग के पास प्रस्तावित एप्रोच रोड, मऊगंज बायपास और मऊगंज–पटेरा औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क सहित विभिन्न प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति, बाकी कार्य पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह सहित संबंधित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कार्यों में अंतर्विभागीय समन्वय की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकृत किया जाए। प्रशासनिक स्तर की स्वीकृतियों, भूमि संबंधी मुद्दों, तकनीकी अड़चनों एवं मैदानी समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए तत्काल और यथोचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।
परिवहन सुविधाएं निवेश को आकर्षित करने में सहायक होंगी
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि क्षेत्र के औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए सुदृढ़ अधोसंरचना का विकास अत्यंत आवश्यक है। बेहतर सड़क संपर्क और परिवहन सुविधाएं निवेश को आकर्षित करने में सहायक होंगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित व समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अधोसंरचनात्मक विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। परियोजनाओं का समयबद्ध पूरा होना विंध्य क्षेत्र के दीर्घकालीन विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

