
भोपाल में सोमवार रात एक शादी का रिसेप्शन अचानक अफरा-तफरी में बदल गया, जब होटल परिसर में जोरदार धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी और आग की लपटें करीब 50 फीट तक उठती नजर आईं। अचानक हुए इस हादसे से समारोह में मौजूद लोगों के बीच डर का माहौल बन गया और मेहमान इधर-उधर भागने लगे।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना रात करीब 10 बजे भौंरी इलाके में स्थित होटल प्ले एंड रिसोर्ट में हुई, जहां देर रात शादी का रिसेप्शन चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग फैलते ही पास रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
दमकल की टीमों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की वजह से लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया।
रिसेप्शन में मची अफरा-तफरी
होटल परिसर में अचानक लगी आग के कारण शादी में आए मेहमानों के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जहां सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, वहां कुछ देर पहले तक गाड़ियां खड़ी थीं। अगर धमाका उसी समय होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि ब्लास्ट के समय उस जगह कोई मौजूद नहीं था।
जेसीबी से हटाया गया जला हुआ सामान
आग बुझाने के बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्से को साफ कराया। देर रात तक दमकलकर्मी मौके पर डटे रहे और धुआं निकलने के कारण एहतियातन फायर ब्रिगेड को वहीं तैनात रखा गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

