
भोपाल। मध्य प्रदेश में दमोह और कटनी के बीच सड़क कनेक्टिविटी को लेकर बड़ा प्रस्ताव मंगलवार को मोहन कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। 105.01 किमी लंबे स्टेट हाईवे-63 के टू-लेन हिस्से को फोरलेन करने की योजना है।
विंध्य विकास पथ प्रोजेक्ट के तहत प्रस्तावित सड़क के निर्माण पर ₹1,745.67 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
डेढ़ घंटे तक कम हो सकता है यात्रा समय
दमोह-कटनी मार्ग पर अभी भारी वाहनों की वजह से कई हिस्सों में जाम की स्थिति बनती है। सड़क चौड़ी होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा में करीब डेढ़ घंटे की कमी आने का अनुमान है।
फोरलेन मार्ग से यातायात को अधिक सुगम बनाने और सड़क हादसों में कमी लाने की उम्मीद है। यह सड़क सागर-दमोह-कटनी कॉरिडोर का हिस्सा है।
जमीन और पुनर्वास के लिए ₹344 करोड़
प्रोजेक्ट के बजट में भूमि अधिग्रहण और प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए ₹344.10 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है। सड़क के निर्माण क्षेत्र में लगभग 4.7 किमी वन क्षेत्र भी आएगा। वन भूमि डायवर्जन और पर्यावरण संबंधी मंजूरियों के लिए ₹44.19 करोड़ रखे गए हैं।
हाइब्रिड एन्युटी मॉडल से होगा निर्माण
सड़क परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसमें वित्तीय व्यवस्था इस तरह होगी:
निर्माण के दौरान लागत की 40% राशि का भुगतान।
शेष 60% राशि का भुगतान 15 साल में किया जाएगा।
किस्तों के साथ ब्याज और रखरखाव की लागत भी शामिल होगी।
15 साल में सरकार की अनुमानित कुल वित्तीय देनदारी करीब ₹4,126 करोड़ होगी।
बुंदेलखंड-महाकौशल कनेक्टिविटी को मिलेगा विस्तार
फोरलेन बनने से सागर-दमोह-कटनी कॉरिडोर की क्षमता बढ़ेगी। इससे बुंदेलखंड और महाकौशल के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
अमित शाह के भोपाल दौरे पर भी होगी चर्चा
मोहन कैबिनेट की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अगले महीने प्रस्तावित भोपाल दौरे को लेकर भी मंत्रियों के बीच चर्चा होने की संभावना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

