
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली और कई स्थानों पर वोट डालने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।
उपचुनाव के दौरान बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर कुछ समय के लिए मतदान बहिष्कार की स्थिति बनी, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण मतदान के लिए तैयार हो गए।
लखनपुर में सड़क की मांग पर मतदान बहिष्कार
बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग उठाते हुए "सड़क नहीं तो वोट नहीं" का नारा लगाया और मतदान से दूरी बनाई। स्थिति की जानकारी मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और करीब 50 ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत का भरोसा जताया
मतदान करने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि इस चुनाव में मतदाता भाजपा के अहंकार का जवाब देंगे और उनकी पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि बसई क्षेत्र में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया गया।
भाजपा प्रत्याशी ने मंदिर में दर्शन कर मांगा आशीर्वाद
भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी मतदान से पहले पीतांबरा पीठ पहुंचे और दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार तथा भयमुक्त वातावरण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 158 पहुंचकर पोलिंग एजेंटों से मुलाकात की और दावा किया कि मतदाताओं का समर्थन भाजपा के पक्ष में मिल रहा है।
जिले में कितने मतदाता और कितने मतदान केंद्र
जिले में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
2,20,400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे निर्धारित है।
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर तय समय पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतदान शुरू हुआ।
16 सुरक्षा कंपनियों के 1422 जवान तैनात
मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए बड़े स्तर पर पुलिस बल लगाया गया है।
16 सुरक्षा कंपनियों की तैनाती
एसएसबी सहित 1422 जवान सुरक्षा में तैनात
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल
सेक्टर मोबाइल दल लगातार गश्त कर रहे हैं
मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

