
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने भोपाल के 74 बंगला क्षेत्र में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रणनीतिक बैठक की, जबकि कांग्रेस भी उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा इसी सप्ताह अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकती है। दूसरी ओर कांग्रेस में भी तीन दिन के भीतर उम्मीदवार घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा की बैठक में शीर्ष नेतृत्व रहा मौजूद
सूत्रों के मुताबिक भोपाल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने की। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में उपचुनाव की तैयारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन को दिए गए अहम संदेश
सूत्रों के अनुसार शिवप्रकाश ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि दतिया उपचुनाव में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाए और चुनावी तैयारियां तत्काल शुरू की जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्टी की रीति-नीति को घर-घर तक पहुंचाया जाए और उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कमी न रहे।
प्रदेश कार्यसमिति पर भी लिया गया फीडबैक
बैठक के दौरान हाल ही में गठित प्रदेश कार्यसमिति को लेकर भी फीडबैक लिया गया। जिन पदाधिकारियों को जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उन्हें पूरी गंभीरता से निभाने पर जोर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक शिवप्रकाश ने कहा कि सत्ता और संगठन का उद्देश्य जनता की सेवा होना चाहिए। कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए भी कहा गया।
सुधार की संभावनाओं पर भी हुई चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक में यह भी कहा गया कि यदि प्रदेश भाजपा के संगठन में कहीं सुधार की आवश्यकता महसूस होती है तो उस दिशा में भी काम किया जाए।
कांग्रेस ने भी उम्मीदवारों के नामों पर बनाई सूची
दतिया उपचुनाव के लिए कांग्रेस में भी टिकट को लेकर मंथन जारी है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर लिया है और तीन दिन के भीतर नाम घोषित किया जा सकता है। चर्चा है कि अब राजेन्द्र भारती की पत्नी शोभा भारती का नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल किया गया है।
इन नामों पर भी चल रही चर्चा
पार्टी के भीतर पहले राजेन्द्र भारती के बेटे के नाम पर भी चर्चा हुई थी। पैनल में घनश्याम सिंह और अवधेश नायक के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं।
2023 के चुनावी प्रदर्शन को भी मिल सकता है महत्व
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस राजेन्द्र भारती को मिली राजनीतिक बढ़त का लाभ लेने की रणनीति पर विचार कर रही है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेन्द्र भारती ने भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को हराया था। इसी वजह से पार्टी उनके परिवार से जुड़े नाम पर भी विचार कर रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

