
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव 2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग ने निगरानी व्यवस्था और मजबूत कर दी है। चुनावी खर्च से लेकर प्रचार गतिविधियों तक हर पहलू पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में व्यय प्रेक्षक विशाल मलानी ने सेक्टर अधिकारियों से कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का पूरी सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए।
चुनावी खर्च पर विशेष निगरानी के निर्देश
बैठक में व्यय प्रेक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि प्रत्येक चुनावी गतिविधि और प्रचार में होने वाले खर्च की लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रत्याशी निर्धारित व्यय सीमा से अधिक खर्च करता है, बिना अनुमति प्रचार करता है या किसी भी प्रकार की अवैध चुनावी गतिविधि सामने आती है, तो तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जाए।
सेक्टर अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण के आदेश
सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने और चुनावी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कहा गया कि यदि कहीं आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास या अवैध प्रचार सामग्री मिलती है तो तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निगरानी टीमों के समन्वय पर भी हुआ मंथन
बैठक में निर्वाचन व्यय से जुड़े प्रावधानों, दैनिक रिपोर्टिंग, वीडियो सर्विलांस, फ्लाइंग स्क्वॉड और अन्य निगरानी दलों के बीच बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
व्यय प्रेक्षक ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरभी जैन, सभी सेक्टर अधिकारी और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा और कांग्रेस ने तेज किया चुनाव प्रचार
उधर, दतिया उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी जनसंपर्क के दौरान सरकार की उपलब्धियां गिनाकर समर्थन मांग रहे हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह भाजपा सरकार की नाकामियों को मुद्दा बनाकर मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे हैं।
दोनों दलों ने विधानसभा क्षेत्र में प्रचार अभियान तेज कर दिया है और पहले चरण में व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

