
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवारों के नाम अभी घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन राजनीतिक दलों ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। सभाओं, घर-घर संपर्क और बूथ स्तर तक पहुंच बनाने की रणनीति के साथ सभी प्रमुख दल जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में जुटे हैं। भाजपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी अपने-अपने स्तर पर संगठन को सक्रिय कर रही हैं। टिकट पर अंतिम फैसला बाकी है, लेकिन दावेदारों के बीच राजनीतिक सक्रियता और शक्ति प्रदर्शन लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।
टिकट से पहले ही मैदान में उतरे दावेदार
भाजपा की ओर से पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सबसे अधिक सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने नामांकन फॉर्म खरीद लिया है और अब तक दो चुनावी सभाएं भी कर चुके हैं। कांग्रेस में भी संभावित उम्मीदवार लगातार जनता के बीच पहुंच बना रहे हैं। पार्टी संगठन डोर-टू-डोर अभियान पर जोर दे रहा है, जबकि टिकट के दावेदार अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं।
भाजपा में किन नामों की चर्चा
भाजपा में सबसे प्रमुख नाम डॉ. नरोत्तम मिश्रा का माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार हाईकमान ने तीन नाम मांगे हैं। इनमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक अनूप यादव और भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं वकील अशोक सिजरिया के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि अशोक सिजरिया खुद को चुनावी प्रक्रिया से अलग बता रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा का कहना है कि पार्टी की ओर से फिलहाल नरोत्तम मिश्रा का ही नाम प्रमुख है, जबकि अंतिम निर्णय हाईकमान करेगा।
कांग्रेस में कई नेता दावेदारी में
कांग्रेस में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की पत्नी शोभा भारती का नाम चर्चा में है। वहीं पार्टी स्तर पर कु. घनश्याम सिंह को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक हाईकमान की रायशुमारी में भी उनका नाम आगे रहा है। इसके अलावा अवधेश नायक भी टिकट की दौड़ में बने हुए हैं और लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं।
नरोत्तम मिश्रा सभाओं में क्या बोले
चुनाव घोषणा के बाद पहली सभा ठंडी सड़क स्थित छोटे फुब्बारे के पास हुई। इस दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने लोगों से पूर्व की गलतियों के लिए क्षमा मांगी और कहा कि उन्होंने अपने व्यवहार में बदलाव किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके घर आने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा।
दूसरी सभा रावतपुरा कॉलेज में हुई, जहां उन्होंने कांग्रेस के 70 करोड़ रुपये की खरीद-फरोख्त वाले आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि भाजपा "रद्दी माल" नहीं लेती। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से उस कथित केंद्रीय मंत्री के पीए का नाम सार्वजनिक करने की बात भी उठाई, जिसका जिक्र पहले किया गया था।
कांग्रेस ने डोर-टू-डोर अभियान पर दिया जोर
जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर ने बताया कि पार्टी फिलहाल बड़ी सभाओं के बजाय घर-घर संपर्क अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के लगातार दतिया दौरे हो रहे हैं और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उधर अवधेश नायक ने भी बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की तैनाती शुरू कर दी है।
गांवों पर आजाद समाज पार्टी का फोकस
आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव का कहना है कि राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद से ही उनकी पार्टी ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र के करीब 70 प्रतिशत हिस्से में जनसंपर्क कर चुके हैं और गांव-गांव सभाओं का सिलसिला लगातार जारी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

