
भोपाल। दतिया उपचुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों ने चुनावी तैयारियों को निर्णायक चरण में पहुंचा दिया है। शुक्रवार से भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता बढ़ेगी और चुनाव प्रचार को नई गति मिलेगी।
भाजपा ने चुनावी रणनीति की कमान पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सौंप दी है, जबकि कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अगले दो दिन दतिया में रहकर प्रचार और संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
भाजपा ने बनाई चुनाव संचालन समिति
भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए चुनाव संचालन समिति का गठन किया है। इसकी अहम जिम्मेदारी डॉ. नरोत्तम मिश्रा को दी गई है।
समिति में 32 अन्य नेताओं को भी शामिल किया गया है, जिनमें पूर्व और वर्तमान नेताओं को स्थान देकर संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।
अभियान की जिम्मेदारी इन्हें मिली
भाजपा ने चुनाव अभियान प्रमुख के रूप में पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को जिम्मेदारी दी है।
वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत को अभियान का सह-प्रमुख बनाया गया है।
अवधेश नायक ने भाजपा में जाने से किया इनकार
भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस में ही बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद उन्होंने भाजपा में नहीं जाने का फैसला लिया है। नायक के अनुसार वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पटवारी ने उन्हें 2028 के चुनाव में टिकट देने का भरोसा दिया है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर आंतरिक गुटबाजी से जूझने का आरोप लगाया।
समर्थकों की बैठक में बोले डॉ. नरोत्तम मिश्रा
पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार दोपहर शहर के होटल रतन रॉयल में समर्थकों की बैठक की। बैठक में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्दोष कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और उनके खिलाफ दर्ज प्रकरण स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चक्का जाम हटवाने की कार्रवाई अलग थी, लेकिन पार्टी कार्यालय पर आंसू गैस के गोले छोड़े जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि वाहनों में तोड़फोड़ के वीडियो उनके पास मौजूद हैं। मिश्रा ने समर्थकों से भाजपा और आशुतोष तिवारी के खिलाफ नाराजगी प्रकट नहीं करने की अपील की।
दो दिन दतिया में रहेंगे जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शुक्रवार से दो दिन तक दतिया में डेरा डालेंगे। इस दौरान वह कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे। उनके कार्यक्रम में संगठनात्मक बैठकें, विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और चुनावी सभाएं शामिल हैं। कांग्रेस नेतृत्व नाराज नेताओं को मनाने की कोशिश भी करेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

