
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने दतिया में रावत समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद करते हुए पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
दतिया के मोटेल रिसोर्ट में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल जनप्रतिनिधि चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र में विकास, सुशासन और जनसेवा की निरंतरता बनाए रखने का अवसर भी है।
भाजपा की विचारधारा पर रखा पक्ष
बैठक को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी समाजों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उनके अनुसार पार्टी का लक्ष्य राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति के विकास और सम्मान के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को अपनाते हुए सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान देने का प्रयास किया है।
केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार ने बिना भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक खड़े लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार गरीब, किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के हित में लगातार काम किया गया है।
रावत समाज से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन की अपील
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि रावत समाज का भाजपा के प्रति पहले भी समर्थन रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को नई गति दें। उन्होंने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि विकास की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ता हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा का कार्य करते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

