सोमवार, 03 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

दतिया उपचुनाव में दूसरे राउंड की तस्वीर साफ, भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने बनाई 965 वोटों की बढ़त

03 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
दतिया उपचुनाव में दूसरे राउंड की तस्वीर साफ, भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने बनाई 965 वोटों की बढ़त
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के दूसरे राउंड के बाद मुकाबले में भाजपा ने बढ़त बना ली है। शुरुआती रुझानों में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के घनश्याम सिंह से 965 वोट आगे चल रहे हैं।


मतगणना स्थल पर भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी और आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव पहुंच चुके हैं, जबकि दूसरे राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के वहां नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई है।


दूसरे राउंड तक किसे मिले कितने वोट?

दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने तक उम्मीदवारों को मिले वोट इस प्रकार हैं—

  • भाजपा: आशुतोष तिवारी – 8,253 वोट

  • कांग्रेस: घनश्याम सिंह – 7,288 वोट

  • आजाद समाज पार्टी: दामोदर यादव – 3,650 वोट


इन आंकड़ों के अनुसार भाजपा उम्मीदवार 965 वोट की बढ़त बनाए हुए हैं।


मतदान में कितना रहा प्रतिशत?

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान कराया गया था। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,20,410 मतदाता दर्ज थे, जिनमें से 1,57,473 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस चुनाव के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे और कुल मतदान प्रतिशत 71.44% दर्ज किया गया। यह आंकड़ा 2023 विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 9 प्रतिशत कम रहा।


मतदान के दौरान क्या रहे विवाद?

मतदान के दिन सिरोल और जिगना में फर्जी मतदान के आरोप लगाए गए। इसके अलावा बूथ नंबर-51 पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का भी आरोप सामने आया। रामसागर मतदान केंद्र से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट अभिनय सिंह कुशवाहा को पुलिस अपने साथ ले गई थी। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।


क्यों कराना पड़ा दतिया में उपचुनाव?

दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। इसी वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। 2023 विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोट से हराकर यह सीट जीती थी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें