
भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी, तो रात में ठंड का असर अब भी लोगों को ठिठुरा रहा है। प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, लेकिन रात का पारा अब भी नीचे बना हुआ है। सोमवार को मध्यप्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कटनी जिले का करौंदी इलाका प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान सिर्फ 5.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।अगर प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा, उज्जैन में 12.24 डिग्री, जबलपुर में 11.4 डिग्री और ग्वालियर में 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
फरवरी पूरे माह मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला रहेगा जारी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम का असर अब मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते अगले दो दिनों तक प्रदेश के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।यानि दिन के समय गर्मी और ज्यादा सताएगी।हालांकि साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेगा। 13 फरवरी से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तरी हवाएं चलने से रात के समय ठंडक बढ़ेगी।मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी के पूरे महीने मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी—दोनों के लिए तैयार रहना होगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

