
भोपाल। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का रविवार को मध्य प्रदेश के दतिया में आध्यात्मिक और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। उन्होंने देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए और विधि–विधान से पूजा अर्चना की। दर्शन के बाद वे पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास ‘माई कृपा’ पहुंचीं, जहां दोनों के बीच पारिवारिक माहौल में रात्रि भोज हुआ।

भाजपा नेताओं ने किया भव्य स्वागत
रेखा गुप्ता देर शाम दतिया पहुंचीं, जहां पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत भाजपा के स्थानीय नेताओं ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। मंदिर दर्शन और भोज के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से झांसी रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल की विशेष व्यवस्था की गई थी।

नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर जताया आभार
पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इस मुलाकात की जानकारी अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर साझा की। उन्होंने लिखा— “आज पावनधरा दतिया में शक्ति स्वरूपा मां पीतांबरा के दर्शन एवं पूजन हेतु पधारीं, दिल्ली की यशस्वी मुख्यमंत्री आदरणीया बहन रेखा गुप्ता जी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। माई के दर्शनोपरांत मेरे आग्रह पर बहन जी ‘माई कृपा’ निवास पर पधारीं और स्नेहपूर्वक भोजन ग्रहण किया। उनके सरल और सहज व्यक्तित्व से अभिभूत हूं।”
देश के प्रमुख शक्तिपीठों में शुमार है पीतांबरा पीठ
दतिया स्थित पीतांबरा पीठ को देश के सबसे प्रभावशाली धार्मिक केंद्रों में गिना जाता है। यहां राजनेताओं से लेकर फिल्मी हस्तियां और खिलाड़ी तक मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आते रहे हैं। हाल ही में इंदौर में हुए भारत–इंग्लैंड मैच से पहले टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर भी सिद्धपीठ पहुंचे थे। उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन के साथ वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया था। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलित होती है।
राजनीतिक नहीं, आध्यात्मिक यात्रा
रेखा गुप्ता का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक और व्यक्तिगत बताया जा रहा है। हालांकि उनकी नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात को सियासी गलियारों में भी चर्चा का विषय माना जा रहा है। भाजपा नेताओं ने इसे श्रद्धा और शिष्टाचार भेंट करार दिया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

