
भोपाल। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को काटजू सिविल हॉस्पिटल में ‘शक्ति केंद्र-वन स्टॉप संपूर्ण महिला स्वास्थ्य केंद्र’ का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र को महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की नींव रखती है। सरकार "किशोरी से मातृत्व तक" महिलाओं के हर चरण में स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल कर रही है। "शक्ति केन्द्र" इसी सोच का प्रतिफल है, जहां महिलाओं को उनकी सभी स्वास्थ्य आवश्यकताओं के लिए एक ही स्थान पर समग्र, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों के लिए तृतीयक स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं के द्वार खोल दिए हैं, जिससे अब आर्थिक अभाव उपचार में बाधा नहीं बन रहा है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों से संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली
उप मुख्यमंत्री ने केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध अत्याधुनिक मशीनों एवं सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों से संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि "शक्ति केन्द्र" महिलाओं को जागरूक, स्वस्थ और सशक्त बनाने की दिशा में एक अभिनव और महत्वपूर्ण पहल है, जो उन्हें एक ही छत के नीचे समग्र, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर उनके जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने केन्द्र प्रभारी एवं आईईसी डायरेक्टर डॉ. रचना दुबे को बधाई देते हुए कहा कि यह केन्द्र महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
केंद्र में उपलब्ध हैं ये सुविधाएं
केंद्र में आधुनिक केगल चेयर तकनीक के माध्यम से बिना सर्जरी के पेल्विक फ्लोर मांसपेशियों को मजबूत करने, मूत्र असंयम (यूरिनरी लीकेज) के उपचार, यौन स्वास्थ्य में सुधार तथा प्रसव के बाद होने वाली समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध है। यह उपचार सुरक्षित, दर्द रहित और न्यूनतम दुष्प्रभाव वाला है। इसके अतिरिक्त गाइनेक लेजर सेवाओं के माध्यम से योनि में ढीलापन, सूखापन, रजोनिवृत्ति संबंधी समस्याएं, बार-बार संक्रमण, लाइकेन स्क्लेरोसिस, एचपीवी वार्ट्स एवं अन्य असामान्य ऊतकों के उपचार की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, जिससे महिलाओं के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सके। निःसंतानता सेवाओं के अंतर्गत ओव्यूलेशन इंडक्शन, इंट्रायूटेरिन इन्सेमिनेशन, अल्ट्रासाउंड आधारित फॉलिक्युलर एवं एंडोमेट्रियल स्टडी, एंडोमेट्रियोसिस का उपचार एवं पीसीओएस आधारित बांझपन प्रबंधन जैसी उन्नत सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र में कई आवश्यक जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं।विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से नियमित परामर्श दिया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

