
भोपाल। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को मंत्रालय में रीवा शहर में संचालित जलापूर्ति योजना व सीवरेज सिस्टम से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समय-सीमा व वित्तीय प्रावधानों पर चर्चा की। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जिससे आम नागरिकों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जल आपूर्ति व्यवस्था के बाकी सभी कार्य, विशेषकर ओवरहेड वाटर टैंक के निर्माण और जल वितरण नेटवर्क का विस्तार, आगामी बारिश के मौसम से पहले हर स्थिति में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में नागरिकों की दैनिक जीवनचर्या प्रभावित न हो। इसके लिए कार्यों को सुनियोजित और चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाए।
सीवरेज सिस्टम के संबंध में उपमुख्यमंत्री ने बचे हुए पाइपलाइन बिछाने के कार्य और हाउस सर्विस कनेक्शनों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवरेज नेटवर्क का समय पर पूरा होना शहरी स्वच्छता व स्वास्थ्य की दृष्टि से जरूरी है। इसमें किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने एसटीपी निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे, आयुक्त संकेत भोंडवे उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

