शुक्रवार, 01 मई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वास्थ्य विभाग में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की, समय से पूरा किए जाने के दिए निर्देश

01 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वास्थ्य विभाग में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की, समय से पूरा किए जाने के दिए निर्देश
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शुक्रवार को मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक औपचारिकताओं की समय से पूरा करके भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में सपन्न किए जाने के निर्देश दिए।  


उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सभी स्वीकृत पदों की मांग संबंधित चयन एजेंसी को समय पर भेजी जाए। प्रशासनिक, अंतर्विभागीय समन्वय और विधिक विषयों में विभागीय पक्ष तत्काल प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन के प्रस्ताव को सक्षम स्तर से स्वीकृति के लिए प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए।


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता हैं। गुणवत्तापूर्ण व सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आधुनिक अधोसंरचना, उन्नत उपकरणों के साथ पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने से चिकित्सकीय मैनपावर की भर्ती में तेजी आएगी, अतः इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। 


पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार करें

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन पदों के लिए परीक्षाएं हो चुकी हैं, उनके परिणाम जल्द भेजकर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए और जिन पदों की परीक्षाएं शेष हैं, उन्हें जल्द आयोजित किया जाए। चयन एजेंसी के साथ सतत समन्वय बनाए रखते हुए पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।


प्रक्रियाओं को 2 माह के अंदर पूरा कर सुनिश्चित की जाए नियुक्ति

बैठक में बताया गया कि बायोमेडिकल इंजीनियर, ऑक्यूपेशनल थेरापिस्ट सहित अन्य 31 पद, मेडिकल सोशल वर्कर, क्लिनिकल साइकियाट्रिस्ट एवं सहायक अस्पताल प्रबंधक के 200 पद, स्टाफ नर्स, कंपाउंडर एवं पैरामेडिकल स्टाफ के 373 पद, नर्सिंग ऑफिसर के 2099 पद, सिस्टर ट्यूटर के 218 पद तथा अस्पताल सहायक के 1200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन सभी प्रक्रियाओं को आगामी 2 माह के भीतर पूर्ण कर शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन एवं अध्यक्ष कर्मचारी चयन मंडल संजय कुमार शुक्ल, आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस सहित विभाग एवं कर्मचारी चयन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें