
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की योजनाओं, निर्माण कार्यों व मानव संसाधन से संबंधित प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने श्याम शाह मेडिकल कॉलेज, रीवा में फायर सेफ्टी से संबंधित लंबित मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में जरूरी नवीन कार्यों की स्वीकृति के लिए सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही 16 जिला चिकित्सालयों और क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉकों के लिए आवश्यक पदों की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को प्राथमिकता से तैयार कर सभी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए कैबिनेट अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों में फर्नीचर और अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए कहा। बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, आयुक्त धनराजु एस सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

