
भोपाल। उपमुख्यमंत्री व सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र के अवैध जहरीली शराब हादसे से प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित और मृतक परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। नियमानुसार हरसंभव राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बमूरा भेड़ा, नौराज, गूगरा खुर्द, धुरमार, चौका, हनौती और पापेट गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से बात की। उन्होंने घटना को हृदय विदारक बताते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजनिया, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
10 से अधिक आरोपी हिरासत में
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल शराब माफिया और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन अब तक 10 से अधिक आरोपियों को हिरासत में ले चुका है। अधिकारियों को अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और वितरण के नेटवर्क के मुख्य स्रोत तक पहुंचकर उसे पूरी तरह खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं।
गांवों को नशामुक्त बनाने की अपील
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद के दौरान राजेंद्र शुक्ल ने गांवों को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शासन-प्रशासन पूरी गंभीरता और सख्ती से कार्रवाई कर रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

