
रिपोर्ट: अमित बागलीकर
देवास। दिल्ली में सोमवार शाम हुए धमाके के बाद मध्य प्रदेश पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रदेश के डीजीपी के निर्देश के बाद देवास पुलिस ने देर रात तक पूरे शहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की।
एसपी पुनीत गहलोत ने खुद की निगरानी
देवास के पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने स्वयं मोर्चा संभाला और देर रात टीमों के साथ शहर का दौरा किया। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज और धर्मशालाओं में सघन तलाशी अभियान चलाया। यात्रियों के सामान, पार्किंग में खड़े वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की बारीकी से पड़ताल की गई। एसपी ने कहा, “सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा। सभी थानों में इसी तरह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बनी रहे।”
पूरे जिले में चौकसी बढ़ाई गई
देवास पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग प्वाइंट्स और नाकाबंदी को मजबूत किया है। मुख्य चौराहों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोज़ल टीमों को भी सतर्क मोड में रखा गया है।
प्रदेशभर में अलर्ट
राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर समेत मध्य प्रदेश के सभी बड़े शहरों में उच्च सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। देवास पुलिस लगातार इंटेलिजेंस यूनिट के संपर्क में है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

