
भोपाल। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। नक्सलियों पर आए दिग्विजय सिंह के ट्वीट को लेकर सारंग ने उन्हें “पाकिस्तान परस्त, नक्सली समर्थक और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाला नेता” करार दिया। बयान इतना तीखा था कि सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तूफान खड़ा हो गया।
देशद्रोहियों के साथ खड़े दिखते हैं दिग्विजय : विश्वास सारंग
कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “दिग्विजय सिंह हमेशा देशद्रोहियों के साथ खड़े दिखते हैं। दो दिन पहले मध्य प्रदेश के लाल शहीद हुए, तब तो दिग्विजय सिंह ने कुछ नहीं कहा, कोई संवेदना नहीं व्यक्त की। लेकिन जब कोई नक्सली एनकाउंटर में मारा जाता है तो दिग्विजय सिंह घड़ियाली आंसू बहाते हैं।” सारंग ने कहा, “कभी जाकिर नाइक को संरक्षण देने की बात करते हैं। आतंकियों को संरक्षण देने वाले दिग्विजय सिंह पाकिस्तान परस्ती और तुष्टीकरण में इतने डूब चुके हैं कि वो हर समय देशद्रोहियों का समर्थन करते हैं। दिग्विजय सिंह का नक्सलियों का दिया गया बयान देशद्रोह की श्रेणी में आता है।”
आखिर क्या बोले थे दिग्विजय सिंह?
नक्सलियों के एनकाउंटर पर दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर लिखा, “मैं नक्सली द्वारा की जा रही हिंसा का घोर विरोधी हूं। उनके साथ कोई समझौता हो कर उन्हें आत्म समर्पण कराया जाता है मैं उसके पक्ष में हूं। विषय कुछ और है। उन्हें सामाजिक आर्थिक रूप से मेनस्ट्रीम में लाया जाना चाहिए। देश के सभी Schedule Area विशेष कर बस्तर संभाग आदिवासी क्षेत्र में भारत सरकार PESA कानून लागू करना चाहिए? बस्तर के खनिज सम्पत्ति में स्थानीय आदिवासी की भागीदारी देना चाहिए?”
उन्होंने आगे सवाल उठाए, “अब बात आती है SIR द्वारा मतदाता सूची तैयार करने की। SIR में जो प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं क्या देश के आदिवासी बाहुल्य Schedule Areas विशेष कर नक्सली क्षेत्रों में आदिवासियों के पास होंगे, जिससे उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें? प्रश्न ये हैं जिन पर सभी राजनैतिक दलों को ध्यान देना चाहिए। भाजपा आदिवासी हितों की कभी समर्थक नहीं रही।”
राजनीतिक बवाल तेज, बीजेपी आक्रामक मोड में
विश्वास सारंग के बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पार्टी अब दिग्विजय के बयान को “राष्ट्र विरोधी मानसिकता” बताने में जुट गई है। वहीं कांग्रेस ने पलटवार की तैयारी तेज कर दी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

