गुरुवार, 11 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

दिग्विजय सिंह के सुप्रीम कोर्ट को चोर बोलने वाले बयान पर मचा बवाल, रामेश्वर शर्मा बोले - राहुल गांधी जैसी घटिया भाषा का इस्तेमाल दिग्विजय सिंह ने की, उन पर FIR हो

11 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
यह AI जनरेटेड फोटो है।

यह AI जनरेटेड फोटो है।

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। दिग्विजय सिंह के सुप्रीम कोर्ट पर दिए गए बयान ने मध्यप्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा ने इस टिप्पणी को संवैधानिक संस्थाओं पर हमला बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। अब मामला केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं दिख रहा, क्योंकि FIR की मांग भी सामने आ गई है।


भाजपा ने FIR दर्ज करने की उठाई मांग

भोपाल की हुजूर विधानसभा से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद से इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जा सकती। इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत और तेज होती नजर आ रही है।


रामेश्वर शर्मा ने क्या कहा?

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस तरह के बयान की उम्मीद राहुल गांधी से की जाती है, क्यूंकि राहुल गांधी कभी निर्वाचन आयोग को चोर कहते हैं, कभी सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और राज्यसभा पर सवाल उठाते हैं। लेकिन हम दिग्विजय सिंह से ऐसे बयान की उम्मीद नहीं कर सकते। क्योंकि दिग्विजय सिंह केंद्र में भी मंत्री रहे हैं और मध्य प्रदेश के भी 10 साल मुख्यमंत्री रहे हैं। शर्मा ने कहा, एक आदमी जो 10 साल मुख्यमंत्री रहा हो वह संवैधानिक संस्था सुप्रीम कोर्ट और निर्वाचन आयोग के महत्व को न जानता हो ऐसा नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा की, राहुल गांधी जैसी घटिया भाषा का इस्तेमाल आज दिग्विजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट को चोर बोलकर किया है। मैं सुप्रीम कोर्ट से मांग करता हूं कि वह स्वयं संज्ञान लेकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करे। 


क्या था दिग्विजय सिंह का बयान?

दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में टिप्पणी करते हुए कहा था कि कथित "चोरी" में केवल राज्य सरकार, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग ही नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट भी शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी इस कथित "चोरी" का विरोध करेगी और मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।


राज्यसभा चुनाव के बाद बढ़ा राजनीतिक तनाव

मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तीसरी सीट कांग्रेस के हाथ से निकलने के बाद पार्टी के भीतर राजनीतिक हलचल तेज बताई जा रही है। इसी बीच दिग्विजय सिंह के बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया। 


आगे क्या हो सकता है?

भाजपा की ओर से FIR की मांग के बाद अब नजर इस बात पर रहेगी कि इस मामले में कोई कानूनी या न्यायिक कदम उठाया जाता है या नहीं। वहीं, राजनीतिक दलों के बीच इस मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें