
भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य रेल सुरक्षा उच्चस्तरीय समन्वय समिति की बैठक पुलिस मुख्यालय में हुई। इसमें प्रदेश से होकर गुजरने वाले रेल नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने व आगामी बड़े आयोजनों को देखते हुए रणनीतिक तैयारी पर मंथन किया गया। पुलिस महानिदेशक ने विशेष रूप से सिंहस्थ-2028 को देखते हुए दीर्घकालिक सुरक्षा रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेलवे सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर पूर्व तैयारी, सतत निगरानी और तत्काल समन्वय सुनिश्चित किया जाए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम व व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में रेलवे के सुगम और सुरक्षित संचालन के लिए सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स के मध्य समन्वय, रेलवे परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, रेलवे ट्रैक को अवरोधमुक्त रखने, भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा, महिला एवं वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा संवेदनशील स्टेशनों पर सुरक्षा प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वहीं, सिंहस्थ 2028 को दृष्टिगत रखते हुए रेल यातायात, यात्री दबाव, अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, स्टेशन प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा बहु-एजेंसी समन्वय की शुरुआती रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक रेलवे रवि कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता ए. सांई मनोहर, उप पुलिस महानिरीक्षक पंकज श्रीवास्तव, सिमाला प्रसाद, सहायक पुलिस महानिरीक्षक रेलवे अरविन्द कुमार दुबे सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार की ओर से इंटेलिजेंस ब्यूरो के ज्वाइंट डायरेक्टर, पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, पश्चिम रेलवे चर्चगेट मुंबई, मध्य रेलवे छत्रपति शिवाजी टर्मिनल मुंबई, उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सहित अन्य रेलवे अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे। बैठक राज्य एवं केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों के बीच एक संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

