
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि ब्लाइंड महिला टी-20 वर्ल्ड कप - 2025 की विजेता टीम की बेटियां महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। दिव्यांग महिला खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल सोमवार को राष्ट्रीय ब्लाइंड महिला टी-20 टीम की प्रदेश की खिलाड़ी सुषमा पटेल, सुनीता सराठे और दुर्गा येवले से लोकभवन में चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विजेता होना दिव्यांगजनों के हौसले और दिव्यता का उत्कृष्ट उदाहरण है। बेटियों की उपलब्धि प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा और गर्व की बात है।
राज्यपाल ने तीनों खिलाड़ियों का शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों और उनके कोच का भी उत्साहवर्धन किया और उन्हें बधाई व उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
फाइनल मैच में नेपाल पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी
भारतीय महिला (ब्लाइंड) क्रिकेट टीम ने 23 नवम्बर 2025 को कोलंबो में आयोजित टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल मैच में नेपाल को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले की सुनीता सराठे, दमोह ज़िले की सुषमा पटेल और बैतुल ज़िले की दुर्गा येवले प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल रहीं हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

