
भोपाल। अब वंदे भारत में सफर और आरामदायक होगा, क्योंकि इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को रेलवे ने दोगुनी क्षमता के साथ चलाने की मंजूरी दे दी है। बुधवार को दिल्ली से आया 16 कोच का नया अपग्रेडेड रैक इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पहुंच चुका है, जहां पिट लाइन पर इसका टेस्टिंग और मेंटेनेंस शुरू हो गया है। रेलवे बोर्ड ने देशभर में वंदे भारत ट्रेनों की बढ़ती मांग और सीटों की कमी को देखते हुए सात ट्रेनों में कोच बढ़ाने का निर्णय लिया था, जिसमें इंदौर-नागपुर रूट भी शामिल है।
16 कोच की नई वंदे भारत, सीटें होंगी 1150 से ज्यादा
अभी तक यह ट्रेन सिर्फ 8 कोच के साथ चल रही थी, जिसमें कुल 530 सीटें थीं। अब नया रैक डबल यानी 16 कोच का होगा, जिससे यात्रियों के लिए 1150 से अधिक सीटें उपलब्ध होंगी।
वर्तमान सीट व्यवस्था:
52 सीटें — एक्जीक्यूटिव क्लास
बाकी सीटें — चेयर कार क्लास
नई व्यवस्था के साथ ऑनबोर्ड स्टाफ भी बढ़ाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवा मिले।
यात्रियों को सीधे मिलेगा फायदा
पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार कोच बढ़ने से भोपाल, नर्मदापुरम, इटारसी सहित पूरे रूट के यात्रियों को बड़ा लाभ होगा।
➡️ टिकट की वेटिंग लिस्ट कम होगी
➡️ आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा
➡️ सीट मिलने की संभावना अधिक होगी
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, पुराने 8 कोच वाले रैक को किस रूट पर भेजा जाएगा, यह निर्णय बाद में लिया जाएगा।
27 जून को हुई थी इंदौर-भोपाल वंदे भारत की शुरुआत
इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस 27 जून को शुरू हुई थी। यह ट्रेन उज्जैन में मात्र 5 मिनट रुकते हुए तेज गति से सफर पूरा करती थी। शुरुआती दिनों में यात्री संख्या कम थी, लेकिन नियमित संचालन के बाद मांग लगातार बढ़ने लगी। इंदौर के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अनुरोध पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे नागपुर तक बढ़ाने का फैसला किया, जिसके बाद यह ट्रेन अब इंदौर से नागपुर तक सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

