
भोपाल। भोपाल–विदिशा रोड को फोरलेन बनाने की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दे दी गई है। हाइब्रिड एन्युटी मॉडल वाली इस परियोजना पर कुल 1,757 करोड़ 55 लाख रुपए खर्च होंगे। 44.83 किलोमीटर लंबे वर्तमान 2-लेन रोड को पेव्ड शोल्डर सहित फोरलेन में उन्नत किया जाएगा।
यह रोड भोपाल के अयोध्या बायपास स्थित भानपुर टी-जंक्शन से प्रारंभ होकर सूखी सेवनिया, दीवानगंज और सलामतपुर होते हुए एनएच-146 के सांची–सलामतपुर जंक्शन तक जाता है। यह भोपाल, रायसेन और विदिशा जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण क्षेत्रीय मार्ग है। परियोजना में कुल 8.25 किलोमीटर लंबाई के तीन बायपास प्रस्तावित हैं। 1.80 किलोमीटर लंबा सूखी सेवनिया बायपास, 1.35 किलोमीटर लंबा बेरखेड़ी बायपास और 5.10 किलोमीटर लंबा सलामतपुर बायपास है।
स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी साझा की। पुराना बताया कि फोरलेन पर तीन बाईपास बनने से आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम होगा, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी और स्थानीय नागरिकों का आवागमन अधिक सुरक्षित होगा। यह मार्ग भोपाल–कानपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर के लिए महत्वपूर्ण फीडर कॉरिडोर के रूप में भी कार्य करेगा। यह रोड लगभग 24.550 किलोमीटर पर कर्क रेखा से भी गुजरती है, जिससे इसका विशेष भौगोलिक महत्व है।
कैबिनेट की बैठक में ये निर्णय भी लिए गए
. भोपाल बायपास फोरलेन पर 2031 तक टोल वसूली जारी रहेगी।
. सीहोर में बनेगा सोयाबीन रिसर्च सेंटर, इसके लिए 20 हेक्टेयर जमीन स्थायी पट्टे पर दी जाएगी।
. रानी दुर्गावती वीरता पुरस्कार की राशि एक लाख रुपए से बबढ़ाकर दो लाख रुपए की जाएगी।
. देवास पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना के मामले में न्यायिक जांच आयोग के गठन को कैबिनेट ने अनुसमर्थन दिया है।
. वनोपज से जुड़े काम में लगे लोगों को मजदूरी देने के साथ ही लाभांश का वितरण स्थानीय स्तर पर समितियों के माध्यम से किया जाएगा।
. प्रदेश में होम स्टे इकोसिस्टम से जुड़े लोगों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पर्यटन विभाग के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे होम स्टे से जुड़े लोगों की सेवाओं और रोजगार के अवसरों को बेहतर किया जा सके।
. पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में 27,534 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति मिली है। पदोन्नति के बाद खाली होने वाले पदों से नई भर्ती के लिए जगह उपलब्ध होगी।
. प्रदेश में तीन औद्योगिक सुरक्षा बल गठित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत खंडवा से होगी।
. किसानों को सिंचाई के लिए 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
. प्रदेश के सांची ब्रांड का वर्तमान उत्पादन करीब 12 प्रतिशत है। इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

