
राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले भाजपा के पूर्व सांसद और प्रख्यात संत डॉ. रामविलास दास वेदांती का सोमवार को निधन हो गया। 75 साल की उम्र में उन्होंने रीवा में अंतिम सांस ली। कथा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कथा के दौरान बिगड़ी तबीयत
डॉ. रामविलास वेदांती रीवा जिले के भठवा (लालगांव) गांव में 10 दिसंबर से कथा सुना रहे थे। कथा 17 दिसंबर तक चलनी थी। इसी दौरान 13 दिसंबर की रात अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल रीवा के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल लाया गया।
हार्ट और किडनी की समस्या आई सामने
अस्पताल में प्रारंभिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने हार्ट और किडनी से जुड़ी गंभीर समस्या बताई। हालत गंभीर होने पर शिष्यों ने उन्हें भोपाल एम्स ले जाने का निर्णय लिया और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई।
कोहरे ने रोकी भोपाल जाने की कोशिश
14 दिसंबर को एयर एंबुलेंस से भोपाल ले जाया जा रहा था, लेकिन भोपाल में विजिबिलिटी कम होने के कारण विमान वहां उतर नहीं सका। इसके बाद एयर एंबुलेंस को वापस रीवा लाना पड़ा और दोबारा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में इलाज शुरू किया गया।
सोमवार सुबह हुआ निधन
इलाज के दौरान 15 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने डॉ. रामविलास वेदांती को मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में संत, शिष्य और राजनीतिक नेता अस्पताल पहुंचे।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि, “पहले भोपाल एयर एंबुलेंस भेजा गया था, वहां कोहरे की वजह से प्लेन नहीं उतर पाया तो फिर से रीवा लाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार किया जा रहा है।”
कौन थे डॉ. रामविलास वेदांती
डॉ. रामविलास वेदांती का जन्म 7 अक्टूबर 1958 को रीवा जिले के गुढ़वा गांव में हुआ था।
वह 12वीं लोकसभा में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से भाजपा सांसद चुने गए थे।
इससे पहले 1996 में जौनपुर की मछलीशहर सीट से भी सांसद रह चुके थे।
राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका के चलते उन्हें राम मंदिर जन्मभूमि न्यास का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने जताया शोक
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा— “ॐ शांति! पूर्व सांसद और सुविख्यात संत डॉ. रामविलास वेदांती (वेदांती जी महाराज) का निधन भारतीय समाज, सनातन संस्कृति और रामभक्तों के लिए अपूरणीय क्षति है।”
सीएम योगी आदित्यनाथ की श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा— “श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ, पूर्व सांसद एवं श्री अयोध्या धाम स्थित वशिष्ठ आश्रम के पूज्य संत डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज का गोलोकगमन आध्यात्मिक जगत और सनातन संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”
प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जताया दु:ख
मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लिखा—
“अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में अग्रणी रहे प्रख्यात् संत एवं पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज के ब्रह्मलीन होने का समाचार अत्यंत दु:खद है।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

