शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

एमपी में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

12 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
एमपी में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मध्यप्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप फोटो निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया गया। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल हुए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट कॉपी हार्ड डिस्क के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। साथ ही विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।


प्रारूप मतदाता सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की वेबसाइट ceoelection.mp.gov.in पर उपलब्ध है।


प्रदेश में अब 72 हजार 36 मतदान केंद्र

मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के तहत मध्यप्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 21 मतदान केंद्रों को समाप्त किया गया है। इसके बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 72 हजार 36 हो गई है।


चार जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन

निर्वाचन विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। नागरिकों की सुविधा के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इन दिनों बूथ स्तर पर पुनरीक्षण से संबंधित कार्य किए जाएंगे। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।


18 वर्ष के युवाओं से नाम जुड़वाने की अपील

निर्वाचन विभाग ने उन युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की है, जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है। इसके लिए युवा अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।


पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील

विभाग ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और ईपीआईसी कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। मतदाता किसी भी जानकारी के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें