
भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की संगठनात्मक बैठक एक बार फिर संगठनात्मक रणनीति से ज्यादा हंगामे और आपसी विवाद को लेकर चर्चा में आ गई। बैठक के दौरान धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक का माहौल बन गया। हालात इतने बिगड़ गए कि युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घंगोरिया को अपनी कुर्सी छोड़कर स्वयं बीच-बचाव के लिए आगे आना पड़ा। बैठक का यह घटनाक्रम अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
बैठक में संगठन से ज्यादा दिखी आपसी कलह
प्रदेश कार्यकारिणी की संगठनात्मक बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बैठक का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। धक्का-मुक्की और हंगामे के बीच बैठक की कार्यवाही भी प्रभावित हुई। घटनाक्रम के दौरान मौजूद नेताओं को स्थिति संभालने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
भाजपा ने कांग्रेस पर बोला हमला
घटना को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना मूल चरित्र दिखा दिया है। केसवानी ने कहा कि कांग्रेस की बैठक में धक्का-मुक्की, लात-घूंसे, हंगामा और हाथापाई देखने को मिली, जिससे पार्टी का वास्तविक चेहरा सामने आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता संगठन निर्माण की बात करते हैं, उनके कार्यकर्ता संगठन को कमजोर करने में लगे हैं।
'न नेता, न नीति और न ही नियत'
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की पहचान उसके कार्यकर्ताओं के आचरण से होती है। उनके अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के व्यवहार ने साबित कर दिया कि पार्टी के पास न नेता है, न नीति और न ही नियत। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोग अब कांग्रेस को "डूबता हुआ जहाज" कहने लगे हैं, जिस पर कोई सवार नहीं होना चाहता।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

