
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न विषयों व योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नर्सिंग भर्ती परीक्षाओं का समयबद्ध आयोजन किया जाए और पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उपमुख्यमंत्री ने विभागीय कार्यों में तेजी लाते हुए सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों के उन्नयन व नवीन पदों के सृजन और स्वीकृति से संबंधित विभागीय कार्यवाही जल्द पूरी की जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी और बेहतर हो सके। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बांडधारी चिकित्सकों के पोस्टिंग आदेश शीघ्र जारी कर चिन्हित चिकित्सकों की समय पर पदस्थापना व उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित अन्य चिकित्सकों की पदोन्नति की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए इसे जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अशोक बर्णवाल व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

