
प्रयाग महाकुंभ के दौरान माला बेचते हुए अपनी नीली आंखों की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस बार वजह उनकी हाल ही में हुई शादी है, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इसी बीच मोनालिसा को फिल्म में मौका देने वाले निर्माता सनोज मिश्रा महेश्वर पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
फिल्म निर्माता ने शादी को बताया साजिश
फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने मोनालिसा की शादी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फरमान नाम के व्यक्ति ने अपनी असली पहचान छुपाई और रुद्राक्ष की माला पहनकर मंदिरों में आना-जाना शुरू किया। मिश्रा के मुताबिक उसने मोनालिसा और उसके परिवार का भरोसा जीतने के लिए खुद को उसका भाई जैसा बताया। बाद में एक्टिंग सिखाने के बहाने उसे केरल ले जाया गया, जहां कथित तौर पर शादी की योजना बनाई गई। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि एक भोली लड़की को जाल में फंसाकर उसका ब्रेनवॉश किया गया है।
मुख्यमंत्री से मिलने का मांगा समय
सनोज मिश्रा ने कहा कि वह इस पूरे मामले को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने समय भी मांगा है। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
फिल्म रिलीज नहीं करेंगे, 10 करोड़ का नुकसान
फिल्म निर्माता ने यह भी घोषणा की कि अब वह अपनी फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” रिलीज नहीं करेंगे। उनका दावा है कि इस फिल्म पर पिछले दो वर्षों में लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण वह इसे रिलीज नहीं करेंगे।
भाजपा नेता ने भी उठाए सवाल
भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल ने भी इस मामले को साजिश बताया है। उनका कहना है कि नियमों के तहत मोनालिसा को वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन और हैदराबाद में मोनालिसा की मुलाकात कई लोगों से हुई, लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं हुआ। ऐसे में केरल में कुछ ही दिनों में प्यार और शादी होना कई सवाल खड़े करता है।
केरल में शादी को लेकर उठे सवाल
फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने यह सवाल भी उठाया कि शादी केरल में ही क्यों हुई। उनका कहना है कि इस रिश्ते को सांप्रदायिक सौहार्द के उदाहरण के रूप में पेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर स्थिति उलटी होती, यानी लड़की मुस्लिम और लड़का हिंदू होता, तो क्या इसे उसी तरह दिखाया जाता।
परिवार ने बताई सामाजिक परेशानियां
मिश्रा के अनुसार जब वह परिवार से मिलने पहुंचे तो मोनालिसा की दादी, चाची और छोटी बहन सहित अन्य रिश्तेदार बेहद दुखी नजर आए। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद उन्हें समाज में कई तरह की आलोचनाओं और अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
क्यों सुर्खियों में आई थीं मोनालिसा
प्रयाग महाकुंभ के दौरान माला बेचने वाली मोनालिसा अपनी नीली आंखों और मासूम चेहरे के कारण सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। इसके बाद उन्हें फिल्मों में काम करने का प्रस्ताव मिला और वह अचानक चर्चा का बड़ा विषय बन गईं। अब उनकी शादी को लेकर उठे विवाद ने इस कहानी को एक नया मोड़ दे दिया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

