
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उज्जैन के तिलकेश्वर महादेव गौशाला में विधिविधान से गोवर्धन पूजा की और गौमाता को गुड़-रोटी खिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन संस्कृति की पहचान है। दीपावली पर गौधन पूजन की परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है। समय की आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति गौमाता की पूजा के साथ उनके पालन की जिम्मेदारी भी निभाए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन आगामी सिंहस्थ में आने वाले 40 करोड़ श्रद्धालुओं के प्रबंधन के लिए तैयार हो रहा है। शहर में 500 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को शिप्रा नदी में पवित्र स्नान के लिए नए घाटों के साथ सुगम पहुंच मार्ग उपलब्ध कराए जा रहे हैं। तिलकेश्वर महादेव के समीप वाल्मीकि धाम में नया पुलिस थाना भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
घरों में कमरे, होमस्टे और टेंट सिटी बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने उज्जैनवासियों से सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं का खुले मन से स्वागत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर श्रद्धालु उज्जैन से अनूठे आतिथ्य सत्कार का अनुभव लेकर लौटे। उन्होंने नागरिकों से खाली जमीन पर टेंट सिटी विकसित करने, घरों में अतिरिक्त कमरे बनाने और होटल और होमस्टे की सुविधाएं विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को अतिरिक्त आय के अवसर भी प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष ओम जैन, महापौर मुकेश टटवाल, यूडीए अध्यक्ष रवि सोलंकी, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गौपालक उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

