शनिवार, 25 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

परीक्षा पे चर्चा 2026: आज देशभर के छात्रों से संवाद करेंगे पीएम मोदी, एमपी के स्कूलों में लाइव प्रसारण

06 फ़र, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
परीक्षा पे चर्चा 2026: आज देशभर के छात्रों से संवाद करेंगे पीएम मोदी, एमपी के स्कूलों में लाइव प्रसारण

परीक्षा पे चर्चा 2026: आज देशभर के छात्रों से संवाद करेंगे पीएम मोदी, एमपी के स्कूलों में लाइव प्रसारण

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली/भोपाल। परीक्षा का नाम सुनते ही अगर दिल की धड़कन तेज हो जाती है, तो आज का दिन खास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 6 फरवरी को देशभर के विद्यार्थियों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ के जरिए सीधे बात करेंगे। सुबह 10 बजे से नई दिल्ली में होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का मध्यप्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में सीधा प्रसारण किया जाएगा।


भोपाल में राज्य स्तरीय आयोजन, छात्रों में दिखा उत्साह

मध्यप्रदेश का राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित किया गया है। यहां छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावक, वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट अतिथि भी लाइव प्रसारण में शामिल होंगे। वहीं, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड के ग्राम तेंदूखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ इस संवाद का हिस्सा बनेंगे।


तनाव नहीं, आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का संदेश

‘परीक्षा पे चर्चा’ के दौरान प्रधानमंत्री मोदी विद्यार्थियों की परीक्षा से जुड़ी आशंकाओं और तनाव पर खुलकर बात करेंगे। साथ ही, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे।

यह कार्यक्रम 2018 में शुरू हुआ था और इस साल इसका नौवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जो हर साल छात्रों के बीच खासा लोकप्रिय रहता है।


एमपी से रिकॉर्ड पंजीयन, 24 लाख से ज्यादा लोग जुड़े

मध्यप्रदेश में ‘परीक्षा पे चर्चा’ के लिए 1 दिसंबर से 11 जनवरी तक ऑनलाइन पंजीयन कराया गया था।

इस दौरान कक्षा 6वीं से 12वीं तक के 22 लाख 95 हजार से अधिक विद्यार्थी, 1 लाख 28 हजार से ज्यादा शिक्षक, और 17 हजार से अधिक अभिभावक ने पंजीयन कराया। कुल मिलाकर प्रदेश से 24 लाख 41 हजार 390 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।


स्कूलों में उत्सव जैसा माहौल, हर माध्यम से लाइव प्रसारण

स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देश पर प्रदेश के सभी विद्यालयों, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में इस कार्यक्रम को समारोहपूर्वक आयोजित किया जा रहा है। विद्यार्थी टीवी के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इंटरनेट डिवाइस के जरिए भी लाइव प्रसारण देख सकेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी कलेक्टरों और मैदानी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें