शुक्रवार, 24 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में स्थापित किए जाएंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट: डॉ. मोहन यादव

24 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में स्थापित किए जाएंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के हित में उनकी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है। इसी कड़ी मध्यप्रदेश के चारों महानगरों- भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में इसी प्रकार के फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पन्ना में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी गौरवशाली संस्कृति और वसुधैव कुटुम्बकम के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए विश्व कल्याण के लिए प्रयास कर रहा है। हमारी संस्कृति में सबके कल्याण और मानवता से प्रेम करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि अगले साल पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा। नीट के अभ्यर्थियों को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा। 


मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों को लगभग 210 करोड़ रुपए की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। उन्होंने प्रतीक स्वरूप विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के हितग्राहियों एवं आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री को कृषि कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में हल भेंट कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम को खजुराहो संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णुदत्त शर्मा व विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडे, जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


नदी जोड़ो परियोजना किसानों के लिए समृद्धि लेकर आएगी

 मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने बुंदेलखंड की समृद्धि के लिए भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्प के अनुसार अंतर्राज्यीय केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत की है। केंद्र सरकार ने 1 लाख करोड़ की इस परियोजना के लिए 90 प्रतिशत राशि देने की स्वीकृति प्रदान की। नदी जोड़ो परियोजना किसानों के लिए समृद्धि लेकर आएगी। राज्य सरकार ने तय किया है कि ऐसी परियोजनाओं में किसी की जमीन, मकान और दुकान आती है तो उसे उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस परियोजना से बुंदेलखंड परिदृश्य बदलने वाला है। किसान अपनी जमीन बेचने का विचार मन में न लाएं। खेती के मामले में यह क्षेत्र अब पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा।


ग्लास फ्लोर व व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना के बृहस्पति कुंड पर 8 करोड़ लागत से सौंदर्यीकरण के अंतर्गत निर्मित ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। पन्ना में निर्मित यह कांच के फ्लोर वाला व्यू प्वाइंट यहां के पर्यटन को बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे देखने देश-विदेश से लोग आएंगे। भारत के पर्यटकों को भी अन्य देशों में जाने की आवश्यकता नहीं है। यहां के प्राकृतिक जल प्रपात पर्यटन में वैश्विक केंद्र बनने के योग्य हैं।


मुख्यमंत्री की ओर से दी गई सौगात

.  184.83 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया।

. गुन्नौर और पवई के 74 करोड़ रुपए लागत के 2 सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं। 


मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

. जुगलकिशोर मंदिर में सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

. महाराज छत्रसाल स्टेडियम को सर्वसुविधा युक्त बनाया जाएगा।

. बृजपुर में महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा।

. सड़क एवं पुल निर्माण के नए कार्य भी होंगे।


अब तलाक सिर्फ कोर्ट के माध्यम से ही होगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जगदीशपुर कभी इस्लामनगर के रूप में जाना जाता था, जहां से पहली बार शरिया कानून प्रदेश की धरती पर लागू हुआ था, लेकिन हमारी सरकार ने उसी धरती पर कैबिनेट आयोजित कर एक समान कानून (यूसीसी) लागू करने के लिए विधेयक को मंजूरी दी। विधानसभा में भी विधेयक पारित हो चुका है। मध्यप्रदेश में धर्म के आधार पर नागरिकों के लिए अलग-अलग कानून की कोई आवश्यकता नहीं है। यूसीसी से मुस्लिम बहनों को भी तलाक के मामलों में राहत मिलेगी। अब तलाक सिर्फ कोर्ट के माध्यम से ही होगा। हमारे लिए कलाई पर राखी बांधने वाली सभी बहनें एक समान हैं। चाहे वह किसी भी धर्म की क्यों न हों। 




पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें