
भोपाल के रातीबड़ इलाके में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से दो नाबालिग छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्र कक्षा 9वीं में पढ़ते हैं और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन से लेकर पुलिस और परिजन तक सभी परेशान हैं।
प्राचार्य की फटकार के बाद बढ़ा डर
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विद्यालय की प्राचार्य पुष्पा सिंह ने किसी बात को लेकर छात्रों अंकित और धीरज को फटकार लगाई थी। साथ ही अगले दिन अभिभावकों को विद्यालय बुलाने की बात कही गई थी। बताया जा रहा है कि इस चेतावनी से दोनों छात्र भयभीत हो गए थे।
आधी रात हॉस्टल से निकल गए बाहर
डर के चलते दोनों छात्र उसी रात करीब एक बजे हॉस्टल से चुपचाप निकल गए। उस समय हॉस्टल के हाल में अन्य छात्र सो रहे थे। दोनों ने स्कूल की पीछे की दीवार फांदकर परिसर छोड़ दिया।
स्कूल प्रबंधन ने दर्ज कराई FIR
शनिवार सुबह जब छात्र हॉस्टल में नहीं मिले, तो स्कूल प्रबंधन ने रातीबड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
CCTV में नीलबड़ की ओर जाते दिखे छात्र
सीसीटीवी फुटेज में शनिवार सुबह करीब पांच बजे दोनों छात्र नीलबड़ क्षेत्र में पैदल जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस और परिजन कर रहे तलाश
फिलहाल पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और छात्रों की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
बैरसिया क्षेत्र के रहने वाले हैं दोनों छात्र
पुलिस के अनुसार, लापता छात्र अंकित पिता सर्जन सिंह गुर्जर (16) बैरसिया क्षेत्र के कढ़ैया गांव का निवासी है। वहीं धीरज पिता करण सिंह गुर्जर बैरसिया के बालाचोन गांव का रहने वाला है। दोनों ही छात्र कृषक परिवारों से ताल्लुक रखते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

