
भोपाल। गर्मियों की छुट्टियों में जब लोग घूमने-फिरने की योजना बनाते हैं, उसी समय भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या कम होने की खबर सामने आई है। 29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में फ्लाइट बढ़ने की बजाय घटने जा रही हैं। एयर इंडिया और इंडिगो ने मुंबई की एक उड़ान बंद करने का फैसला किया है, जबकि इंडिगो नवी मुंबई के लिए नई फ्लाइट शुरू करने की तैयारी में है।
समर शेड्यूल में फ्लाइट्स की संख्या घटेगी
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक 29 मार्च से शुरू हो रहे समर शेड्यूल में इस बार भोपाल से कई उड़ानों में कटौती हो सकती है। मुंबई के लिए एक उड़ान बंद की जाएगी। गोवा और अहमदाबाद की डायरेक्ट फ्लाइट की भी समीक्षा चल रही है। बताया जा रहा है कि विमानन कंपनियां यात्री संख्या और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल नए विस्तार से बच रही हैं।
नवी मुंबई के लिए इंडिगो की नई उड़ान
इंडिगो एयरलाइंस ने नवी मुंबई के लिए नया स्लॉट ले लिया है और इस उड़ान का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। यात्रियों के लिए इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस नई उड़ान का शुरुआती किराया लगभग 4000 से 5000 रुपये के बीच रखा गया है। हालांकि नवी मुंबई की फ्लाइट शुरू होने के साथ ही कंपनी ने भोपाल-मुंबई रूट की एक उड़ान बंद करने का फैसला भी लिया है। इसके बाद 29 मार्च से भोपाल और मुंबई के बीच इंडिगो की केवल एक ही उड़ान संचालित होगी।
गोवा और अहमदाबाद की उड़ान पर भी संकट
भोपाल से गोवा और अहमदाबाद के लिए चल रही डायरेक्ट फ्लाइट्स को भी बंद किए जाने की चर्चा है। खास बात यह है कि गोवा की फ्लाइट करीब छह महीने पहले ही शुरू की गई थी। ट्रेवल एजेंटों के अनुसार इस उड़ान में करीब 80 प्रतिशत तक यात्रियों का लोड मिल रहा था, इसलिए इसे बंद करने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
फ्लाइट कम होने के संभावित कारण
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार वर्तमान अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित युद्ध की आशंकाओं के कारण विमानन कंपनियां सतर्क रुख अपना रही हैं। इसके अलावा कुछ रूट्स पर यात्री संख्या अपेक्षाकृत कम होने की वजह से भी कंपनियां फिलहाल नए विस्तार से बच रही हैं।
नवी मुंबई–भोपाल फ्लाइट का शेड्यूल
नई उड़ान के लिए इंडिगो ने यह शेड्यूल जारी किया है:
उड़ान संख्या: 6E 397 / 753
नवी मुंबई से प्रस्थान – शाम 6:50 बजे
भोपाल आगमन – रात 8:10 बजे
भोपाल से प्रस्थान – रात 8:50 बजे
नवी मुंबई आगमन – रात 10:20 बजे
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

