
भोपाल। भोपाल। बारिश का इंतजार कर रहे मध्यप्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम के चलते बीते 48 घंटों से कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहा। लगातार बारिश ने राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में जनजीवन अस्त- व्यस्त कर दिया है।भोपाल, खंडवा, राजगढ़, आगर-मालवा, विदिशा, शाजापुर और मंडला समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।शिक्षा विभाग ने भोपाल,गुना,खंडवा और रायसेन में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।राजधानी भोपाल में रविवार रात से जारी बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया। करीब 8 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। निचली बस्तियां जलमग्न हो गईं, कई कॉलोनियों में पानी भर गया और सड़कें नदी में तब्दील नजर आईं। जगह-जगह पेड़ गिरने से आवाजाही भी प्रभावित हुई।हालात को देखते हुए लगातार तीसरे दिन भी स्कूलों की छुट्टी घोषित करनी पड़ी। यानी जिस बारिश का प्रदेश बेसब्री से इंतजार कर रहा था, वही बारिश अब कई इलाकों के लिए आफत बन चुकी है।
इंदौर सहित 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में अभी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। बुधवार को 5 जिलों इंदौर,रतलाम,धार, झाबुआ और बड़वानी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में भी तेज और हल्की बारिश होने की संभावना है।इंदौर क्षेत्र में एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव है जिसके चलते इंदौर संभाग में अगले 24 घंटों में 4 इंच से ज्यादा पानी बरस सकता है।वहीं आज से बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने जा रहा है जिसका असर प्रदेश में अगले 4 दिनों तक देखने को मिलेगा। पिछले 48 घंटों में भारी बारिश के चलते प्रदेश में बारिश की कमी में कुछ हद तक सुधार हुआ है। फिलहाल प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है।वहीं प्रदेश के 10 जिलों भोपाल,गुना,सीहोर, भिंड,ग्वालियर,अनुपपुर,बुरहानपुर,देवास,राजगढ़ और खरगोन में सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है।बाकी 45 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

