
ग्वालियर। शुक्रवार सुबह ग्वालियर-भिंड हाईवे पर ऐसा मंजर दिखा जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। घने कोहरे में एक तेज रफ्तार ट्रक ने वैगन-आर कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ ही पलों में खुशियों से भरा सफर मातम में बदल गया।
कोहरे में दिखा नहीं, और मौत बनकर आया ट्रक
हादसा बरेठा टोल के पास बंटू ढाबा के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार, वैगन-आर कार मेहगांव (भिंड) से ग्वालियर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे जब कार ढाबे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। घना कोहरा होने के कारण सड़क पर विजिबिलिटी बेहद कम थी, जिससे ट्रक चालक को आगे चल रही कार नजर नहीं आई।
चार जिंदगियां एक झटके में खत्म
हादसे में कार सवार चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
सौरभ शर्मा (24), निवासी मेहगांव
ज्योति यादव, भिंड
भूरे प्रजापति, गोरमी, भिंड
उमा राठौर, मोरोली, भिंड
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग स्तब्ध रह गए।
परीक्षा देने जा रहा था सौरभ
परिजनों के मुताबिक सौरभ हाल ही में आगरा से बीएससी एग्रीकल्चर की परीक्षा देकर लौटा था और शुक्रवार को ग्वालियर पॉलिटेक्निक का पेपर देने जा रहा था। रास्ते में उसने कुछ सवारियों को लिफ्ट दी थी, जो भी इस हादसे का शिकार हो गईं।
दो बच्चों की मां की गई जान
मृतका ज्योति यादव की बहन नीलम ने बताया कि ज्योति मथुरा जाने के लिए घर से निकली थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ट्रक चालक फरार, तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने
ट्रक नंबर MP 07 HB 2801 और
कार नंबर MP 07 ZF 5193
को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
कोहरा और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार हादसे के समय विजिबिलिटी महज 200 से 500 मीटर थी। शुरुआती जांच में घना कोहरा और ट्रक की तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

