
रिपोर्ट: अतुल जैन
पिछोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 13 नवंबर को प्रस्तावित पिछोर दौरे को लेकर शुक्रवार को स्थानीय डाक बंगले में विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों और क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। विधायक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के सामने पिछोर को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी। इसके साथ ही पिछोर के ऐतिहासिक किले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, मोती सागर के सौंदर्यीकरण और क्षेत्र में रेल सुविधा के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय भी उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री को सबसे पहले दिखाएंगे मोती सागर और ऐतिहासिक किला
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के लिए इस बार लभेड़ा की ओर हेलीपैड तैयार कराया गया है। योजना के अनुसार मुख्यमंत्री को सबसे पहले मोती सागर और ऐतिहासिक किले का अवलोकन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछोर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
ओरछा की तर्ज पर किले में विकसित होगा रिजॉर्ट
विधायक ने पिछोर के ऐतिहासिक किले को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना सामने रखी। उन्होंने ओरछा के किलों का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछोर के किले को भी रिजॉर्ट के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किले में ऐसी सुविधाएं विकसित होनी चाहिए, जिससे लोगों की इच्छा हो कि उनकी शादी, सगाई, जन्मदिन और अन्य पारिवारिक आयोजन ऐतिहासिक किले में हों। इससे पिछोर को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मोती सागर में चलेंगी नावें, लगेंगे आकर्षक फव्वारे
मोती सागर के विकास को लेकर विधायक ने बताया कि यहां फव्वारे लगाने और नावें चलाने की व्यवस्था करने की योजना है। इसके माध्यम से तालाब का सौंदर्यीकरण कर पिछोर को एक नए और आकर्षक स्वरूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से भी इस संबंध में सुझाव मांगे और कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी के विचार महत्वपूर्ण हैं।
पिछोर से चंदेरी होते हुए मुंगावली तक रेल लाइन की मांग
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने रेल सुविधा के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि झांसी से करेरा और दिनारा होते हुए शिवपुरी तक रेल मार्ग को मंजूरी मिल चुकी है। अब उनकी मांग है कि इस रेल मार्ग को दिनारा से पिछोर, पिछोर से चंदेरी और चंदेरी से मुंगावली तक जोड़ा जाए।
विधायक ने कहा कि यदि यह रेल मार्ग आगे बढ़ता है तो पिछोर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले भी इस विषय में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने मांग रखी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बड़ी ट्रेन की व्यवस्था तत्काल संभव नहीं होती है तो छोटी ट्रेन के संचालन की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने श्योपुर की ओर रखे रेल इंजन और पटरी का उल्लेख करते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर इस दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं।
स्टेडियम, अस्पताल, सड़क और केंद्रीय विद्यालय की सौगात का किया जिक्र
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपने नेतृत्व के सामने क्षेत्र की मांगें रखते हैं। उन्होंने बताया कि पिछोर के लिए स्टेडियम, अस्पताल, सड़क और केंद्रीय विद्यालय जैसी मांगें रखी गई थीं, जिन्हें स्वीकृति और सौगात के रूप में क्षेत्र को मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भी क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार नई मांगें रखी जाएंगी, ताकि पिछोर को विकास की और सौगातें मिल सकें।
लाड़ली बहनों से 13 नवंबर को कार्यक्रम में पहुंचने की अपील
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लाड़ली बहना योजना की राशि वितरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। विधायक ने पिछोर की लाड़ली बहनों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरे मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में राशि पहुंचेगी, लेकिन पिछोर की बहनों को इस कार्यक्रम को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को मोहन भैया पिछोर आ रहे हैं, इसलिए सभी बहनें उनके स्वागत और सम्मान में सहभागी बनें तथा कार्यक्रम को भव्य बनाएं।
पत्रकारों और नागरिकों से मांगे विकास के सुझाव
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक ने पत्रकारों से भी क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार दिनभर क्षेत्र में भ्रमण करते हैं और उन्हें आमजन की समस्याओं तथा जरूरतों का बेहतर अनुभव रहता है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि पिछोर के भविष्य और युवा पीढ़ी के लिए उपयोगी विकास कार्यों की सौगात हासिल करने का प्रयास करना है। उन्होंने सभी से ऐसे सुझाव देने का आग्रह किया, जिन्हें मुख्यमंत्री के सामने रखकर पिछोर के विकास को नई दिशा दी जा सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

