
भोपाल। गणेशोत्सव के 9वें दिन मंगलवार शाम न्यूज़ वर्ल्ड मीडिया परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। जैसे ही शाम को आरती का समय हुआ, पूरा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा। दीपों की जगमगाहट, फूलों की खुशबू और आरती की मधुर ध्वनि ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
शाम ढलते ही सजा बप्पा का दरबार
न्यूज़ वर्ल्ड परिसर में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष विशेष रूप से आरती की तैयारियां की गईं। दीप प्रज्ज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद जैसे ही आरती शुरू हुई, न्यूज़ वर्ल्ड परिवार के सदस्य एकजुट होकर बप्पा के दरबार में शामिल हुए। आरती के दौरान हर चेहरे पर श्रद्धा और उत्साह नजर आया। किसी ने हाथ जोड़कर प्रार्थना की तो किसी ने बप्पा के चरणों में पुष्प अर्पित कर अपनी मनोकामना रखी।
शंख और जयकारों से गूंजा पूरा परिसर
आरती की शुरुआत के साथ ही शंख की गूंज और भक्ति गीतों ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच न्यूज़ वर्ल्ड परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से भगवान गणेश की आरती उतारी। इस दौरान अश्विनी मिश्रा, रेजीडेंट एडिटर अंकित खरे, कंसलटिंग एडिटर हितेश सिंह, एग्जीक्यूटिव एडिटर संदीप सिन्हा, वरिष्ठ पत्रकार अखिलेष सोलंकी और अजय भटनागर सहित न्यूज़ वर्ल्ड परिवार का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
बप्पा से की सुख-समृद्धि की कामना
पूजा-अर्चना के दौरान भगवान गणेश से न्यूज़ वर्ल्ड परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और सफलता की प्रार्थना की गई। सभी ने बप्पा से जीवन के विघ्न दूर करने, परिवार में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की कामना की।
भोग के साथ हुआ आरती का समापन
पूजन के बाद भगवान श्री गणेश को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने बप्पा का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

