
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। शादी की तैयारियों के बीच दूल्हे की गिरफ्तारी हो गई और दुल्हन हल्दी लगे हाथों सीधे थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से भावुक अपील की कि उसके होने वाले पति को कुछ घंटों के लिए छोड़ दिया जाए ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें।
हल्दी के बाद पहुंची दुल्हन थाने
जानकारी के मुताबिक कुख्यात बदमाश आकाश उर्फ भूरा हड्डी की शादी होने वाली थी। घर में मेहमान मौजूद थे और शादी की रस्में शुरू हो चुकी थीं। हल्दी की रस्म भी पूरी हो गई थी। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उसकी होने वाली दुल्हन सीमा सीधे थाने पहुंच गई। बताया जा रहा है कि वह हल्दी लगे हाथ और गले में शादी की माला पहने ही पुलिस स्टेशन पहुंची थी।
दुल्हन की पुलिस से भावुक अपील
थाने पहुंचकर दुल्हन ने पुलिस से अनुरोध किया कि आकाश को कम से कम दो घंटे के लिए रिहा कर दिया जाए, ताकि शादी की रस्म पूरी हो सके। उसने यह भी कहा कि अगर रिहाई संभव नहीं है तो पुलिस कस्टडी में ही शादी करवा दी जाए। दुल्हन का कहना था कि उसे अपने होने वाले पति के अपराधों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और अगर शादी नहीं हुई तो उसकी जिंदगी प्रभावित हो जाएगी।
पुलिस ने नहीं मानी मांग
दुल्हन की भावुक अपील के बावजूद पुलिस ने आरोपी को रिहा करने से इनकार कर दिया। मामले में कोर्ट में भी वकील की ओर से शादी की रस्म पूरी करने के लिए समय देने की मांग की गई, लेकिन फिलहाल इसमें कोई राहत नहीं मिल सकी है।
हनी ट्रैप और ब्लैकमेल का आरोप
पुलिस के मुताबिक आकाश उर्फ भूरा हड्डी पर हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप है। शिकायत के अनुसार एक युवती के माध्यम से युवक को जाल में फंसाकर उसका अपहरण किया गया और उससे 8 लाख रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर उसे छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक युवती फरार
कोहेफिजा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कहा की, आकाश उर्फ भूरा हड्डी लाल घाटी निवासी आकाश उपाध्याय, राम ठाकुर इन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस एक अन्य युवती की तलाश कर रही है, जो कथित तौर पर हनी ट्रैप की साजिश में शामिल थी।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
गाडरवाड़ा निवासी राकेश खेमनिया उर्फ पुजारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू हुई और उसी के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

