शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में जर्मन कंपनी बेनेकोर का उत्पादन शुरू, सीएम डॉ. मोहन यादव ने मशीन का किया शुभारंभ

12 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में जर्मन कंपनी बेनेकोर का उत्पादन शुरू, सीएम डॉ. मोहन यादव ने मशीन का किया शुभारंभ
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। राजधानी के अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में जर्मन कंपनी बेनेकोर प्राइवेट लिमिटेड के मशीन में उत्पादन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली से वर्चुअली मशीन का शुभारंभ किया। मशीन के पहले चरण में 160 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और इसकी सालाना कारोबार क्षमता 300 करोड़ रुपये है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत मिलकर काम करें तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। बेनेकोर संयंत्र इसका उदाहरण है। अगस्त 2024 में इसका भूमिपूजन हुआ था और दो साल के भीतर उत्पादन शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों से किए गए वादों को समय पर पूरा कर रही है। इस संयंत्र से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।


अब देश में बनेगा हाइजीन मटेरियल

संयंत्र में डायपर और सैनिटरी नैपकिन के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला हाइजीन नॉनवोवन मटेरियल तैयार किया जाएगा। अब तक इस सामग्री का आयात करना पड़ता था, लेकिन उत्पादन शुरू होने से घरेलू जरूरतों को देश में ही पूरा करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


भोपाल बनेगा मैन्युफैक्चरिंग हब

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए उद्योग अनुकूल नीतियां, ऑनलाइन भूमि आवंटन और सिंगल विंडो मंजूरी जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। भोपाल मध्य भारत के आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि उद्योगों में स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार मिले, ताकि उन्हें नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े। प्रदेश में करीब 19 हजार एकड़ क्षेत्र में 48 नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। निवेशकों के लिए 30 दिन में व्यवसाय शुरू करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।


टेक्सटाइल निर्यात 11,750 करोड़ रुपए पहुंचा

प्रदेश में 100 से अधिक बड़ी टेक्सटाइल इकाइयां और 43 हजार से ज्यादा एमएसएमई कार्यरत हैं। यहां 50 हजार करघों और 25 लाख स्पिंडल की क्षमता उपलब्ध है। वित्त वर्ष 2025 में प्रदेश से 11,750 करोड़ रुपये का टेक्सटाइल निर्यात हुआ। बेनेकोर समूह की योजना अगले तीन वर्षों में संयंत्र की उत्पादन क्षमता दोगुनी करने की है। संयंत्र को पर्यावरण अनुकूल तकनीक से तैयार किया गया है। इसमें बॉयलर नहीं है और पानी की खपत भी कम होगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें